Bokaro : रविवार को DEO-cum-DC अजय नाथ झा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बोकारो विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर गणना प्रपत्रों के संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 267 और 271 (दिल्ली पब्लिक स्कूल), 281 से 285 (केंद्रीय विद्यालय) तथा 299 से 301 (बोकारो महिला कॉलेज) का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित BLO से गणना प्रपत्रों के संग्रहण, डिजिटाइजेशन की प्रगति तथा शिविर के संचालन की जानकारी प्राप्त की. DEO-cum-DC ने शिविर में उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उन्हें गणना प्रपत्र सही और पूर्ण रूप से भरकर जमा करने की अपील की.
सक्रिय जनभागीदारी से सफल होगा मतदाता पुनरीक्षण अभियान
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है. इसके लिए सभी पात्र मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने BLO को निर्देश दिया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें तथा कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखें. साथ ही अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर अभियान को सफल बनाने की दिशा में पूरी गंभीरता से कार्य करें. निरीक्षण के दौरान ERO सह अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, एईआरओ सत्यबाला सिन्हा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

Also Read : पलामू: 15वें वित्त आयोग की राशि से बदलेगी मैरा गांव की तस्वीर, सड़क निर्माण का शिलान्यास


