बोकारो: उच्चतर शिक्षा और करियर के विभिन्न अवसरों से अवगत हुए DPS बोकारो के विद्यार्थी

Bokaro: 12वीं कक्षा के बाद विभिन्न विश्वविद्यालयों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों तथा उनसे संबंधित करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में जागरूक करने...

DPS बोकारो के करियर मेले में विभिन्न अवसरों की जानकारी लेते विद्यार्थी
DPS बोकारो के करियर मेले में विभिन्न अवसरों की जानकारी लेते विद्यार्थी

Bokaro: 12वीं कक्षा के बाद विभिन्न विश्वविद्यालयों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों तथा उनसे संबंधित करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल बोकारो में करियर मेला लगाया गया. आई एजुकेशनलाइज नामक संस्था के समन्वयन से आयोजित इस मेले में देशभर के लगभग एक दर्जन नामचीन विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं को करियर के विविध पहलुओं की जानकारी दी. मेले का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने आगंतुक शिक्षा विशेषज्ञों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन सत्र में रायपुर से पहुंचे डॉ. मनोज सिंह ने करियर के अर्थ, महत्व तथा विभिन्न आयामों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जीवन में खुशी जरूरी है. अतः बच्चे वही करियर चुनें, जिनसे उन्हें खुशी मिले. बेंगलुरू से आए अजय सिंह ने भी रुचि के अनुसार करियर चुनने पर बल देते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी बनने का संदेश दिया. उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कौशल-विकास की अनिवार्यता रेखांकित की तथा एआई को मानवीय खतरे के बजाय एक सहायक बताया.

विशेषज्ञों ने रुचि और कौशल के अनुसार करियर चुनने पर दिया जोर

वहीं, हैदराबाद की एक प्रसिद्ध यूनिवर्सिटी के करियर काउंसलर रितेश जायसवाल ने तकनीकी दक्षता पर प्रकाश डालते हुए अपने लक्ष्य के प्रति जुनून को आवश्यक बताया. अंतःक्रिया सत्र के क्रम में विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाएं भी शांत कीं. मेले के दौरान एक ही छत के नीचे छात्र-छात्राओं को 12वीं के बाद मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिविल सेवाओं के अलावा प्रबंधन, विधि, वाणिज्य, डिजाइनिंग, ग्राफिक्स, मल्टीमीडिया आदि के क्षेत्र में विभिन्न अवसरों की अद्यतन जानकारी दी गई. कार्यक्रम में बेंगलुरू, पुणे, रायपुर, हैदराबाद, चेन्नई आदि जगहों के शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को ऑन द स्पॉट आवेदन भी उपलब्ध कराए.

करियर के हर क्षेत्र से अपडेट रहना जरूरी: प्राचार्य

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के लिए अपना भविष्य निर्धारित करने में सहायक सिद्ध होते हैं. वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य में विद्यार्थियों के स्वर्णिम भविष्य-निर्माण के लिए उनका करियर के हर क्षेत्र से अपडेट बने रहना जरूरी है. इसी उद्देश्य से डीपीएस बोकारो की ओर से इस प्रकार के जागरूकतापरक आयोजन किए जाते रहे हैं, जिनका विद्यार्थियों को लाभ भी मिलता रहा है.

ALSO READ: झारखंड हाई कोर्ट कैंपस में बनेगा भव्य फुटबॉल ग्राउंड, भवन निर्माण विभाग ने शुरू की प्रक्रिया

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *