Bokaro: अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से बोकारो के एसपी नाथू सिंह मीणा ने मंगलवार की देर रात खुद सड़कों उतरे. एसपी के अचानक सड़कों पर उतरने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. इस दौरान उन्होंने सिटी, सेक्टर-04 और सेक्टर-06 थाना क्षेत्रों में संचालित की जा रही रात्रि गश्ती का बारीकी से जायजा लिया.
सुरक्षा के मद्देनजर चलाया गया ‘एंटी क्राइम चेकिंग’ अभियान:
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख चौक-चौराहों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलवाया. इस अभियान के तहत देर रात बेवजह घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली गई.


हुड़दंगियों पर नकेल,ड्रंक एंड ड्राइव’ की विशेष जांच:
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात को ध्यान में रखते हुए एसपी के निर्देश पर ड्रंक एंड ड्राइव एक विशेष जांच अभियान भी चलाया गया. इसके तहत कड़ाई से ब्रीथ एनालाइजर के जरिए वाहन चालकों की जांच की गई, ताकि देर रात होने वाले हादसों और हुड़दंगबाजी पर लगाम लगाई जा सके.
पुलिस के जवान को एसपी ने दिए निर्देश:
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों का हौसला बढ़ाते हुए पुलिस अधीक्षक ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी, चुस्त-दुरुस्त और संवेदनशील बनाने के लिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस की मौजूदगी सड़कों पर दिखनी चाहिए.

