Saraikela: मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत ईचागढ़ प्रखंड में मंगलवार को 12 चयनित लाभुकों के बीच बकरी पालन यूनिट का वितरण किया गया.प्रखंड प्रशासन की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वरोजगार बढ़ाना और ग्रामीणों की आय में वृद्धि करना है.
हर लाभुक को मिली 6 बकरियां
प्रत्येक लाभुक को उन्नत नस्ल की 5 बकरी और 1 बकरा यानी कुल 6 पशु दिए गए.साथ ही पहले चरण के लिए चारा, दवा और शेड निर्माण के लिए अनुदान राशि भी स्वीकृत की गई.
वैज्ञानिक तरीके से पालन की जानकारी
इस मौके पर पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने लाभुकों को बकरी पालन के वैज्ञानिक तरीके, संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण, बीमारी से बचाव और शेड की साफ-सफाई की जानकारी दी.उन्होंने बताया कि सही देखभाल से एक यूनिट से सालाना 80 हजार से 1 लाख रुपये तक की आय हो सकती है.
Also Read: इतिहास और आस्था की भूमि ईचागढ़ में हाथी-मानव संघर्ष बना संकट, बेघर होने की कगार पर ग्रामीण
आजीविका मजबूत करने पर जोर
प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक प्रसाद ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका को मजबूत करना, पशुपालन को बढ़ावा देना और महिला एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है.उन्होंने पशु सखी और पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि लाभुकों को समय-समय पर मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता दी जाए.
लाभुकों में दिखी खुशी
बकरी यूनिट मिलने पर लाभुक संगीता देवी और मंगल सिंह मुंडा ने खुशी जताई.उन्होंने कहा कि अब गांव में ही रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा.
जिले में लगातार हो रहा वितरण
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख विमला देवी, पशुपालन विभाग के कर्मी और कई लाभुक मौजूद रहे.जिले में अब तक 320 से अधिक बकरी पालन यूनिट का वितरण किया जा चुका है.
