Ranchi: झारखंड की सियासत और कानून व्यवस्था से जुड़ी इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. झारखंड सरकार के विधि विभाग (झारखंड मंत्रालय, धुर्वा, रांची) ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर राज्य के महाधिवक्ता के पद पर बड़ा बदलाव किया है. राज्य के वर्तमान महाधिवक्ता राजीव रंजन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है. वहीं, उनकी जगह झारखंड उच्च न्यायालय के प्रतिष्ठित अधिवक्ता रोशितस्य रॉय को झारखंड का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड के सरकारी व पारा शिक्षकों के लिए चुनौती : नौकरी बचानी है तो 31 अगस्त 2028 तक पास करनी होगी टेट परीक्षा

राज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी
विधि विभाग द्वारा जारी ज्ञापंक संख्या—सी०/ए०जी०ओ० (नियुक्ति)—01/2013-1341/जे० के तहत, भारत के संविधान के अनुच्छेद-165(1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए झारखंड के राज्यपाल ने यह फैसला लिया है. रविवार की रात जारी अधिसूचना के अनुसार राज्यपाल राजीव रंजन रांची द्वारा महाधिवक्ता, झारखंड के पद से दिनांक 14 जून को दिए गए त्याग-पत्र को तत्काल प्रभाव से स्वीकृत करते हुए रोशितस्य रॉय को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक के लिए झारखंड राज्य के लिए महाधिवक्ता किया है. बता दें कि इससे पहले आज यानी रविवार की सुबह राजीव रंजन ने महाधिवक्ता के पद से त्यागपत्र दे दिया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने रोशितस्य रॉय को महाधिवक्ता नियुक्त किया है. रोशितस्य रॉय को अगले आदेश तक के लिए राज्य का महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें: दावे कागजी, इंतजाम पानी-पानी, मानसून की पहली धमक में ही स्मार्ट रांची सरेंडर, निगम और बिजली विभाग का निकला दिवाला


