रांचीः राज्य के सरकारी स्कूलों आईटीआई और पॉलिटेक्निक में इमर्जिंग टेक्नोलॉजी पर आधारित क्विज प्रतियोगिता होगी. यह प्रतियोगिता तीन श्रेणियों में होगी. पहली श्रेणी में कक्षा आठ से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे. दूसरी श्रेणी में 11 वीं 12 वीं और आईटीआई के विद्यार्थी शामिल होंगे. तीसरी श्रेणी में पॉलिटेक्निक के विद्यार्थी शामिल होंगे. इसमें प्रथम पुरुस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरुस्कार 30 हजार और तृतीय पुरुस्कार 20 हजार रुपये मिलेगा.
झारखंड रोबोटिक फेस्टिवल भी होगा
उच्च शिक्षण संस्थानों में अब महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दिवसों को अनिवार्य रूप से मनाया जाएगा, ताकि छात्र इतिहास और सामाजिक सरोकारों से जुड़ सकें. राज्य में राष्ट्रीय गणित दिवस और राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा. इससे छात्रों में शोध और नवाचार के प्रति रुचि पैदा करने की कोशिश की जाएगी. वहीं झारखंड रोबोटिक फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा.
रोबोट की 10 प्रकार की श्रेणी होगी. पहले साल किसी भी श्रेणी का रोबोट तैयार करने की अनुमति मिलेगी. इसमें विजेता टीम को पांच लाख, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को तीन लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को दो लाख रुपए मिलेंगे. एक लाख रुपये का पांच सांत्वना पुरुस्कार मिलेगा. फैक्ल्टी और मेंटोर को भी पुरुस्कार राशि दी जाएगी.
नामकुम डोरंडा सड़क होगी फोर लेन
नामकुम से डोरंडा 6.7 किलोमीटर सड़क फोर लेन की होगी. इसके लिए 162 करोड़ 82 लाख 22 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई. एसटी एससी अत्याचार निवारण के लिए रांची और धनबाद के न्यायालयों में जिला न्यायाधिश स्तर के तीन पद सृजन की स्वीकृति दी गई. सेवानिवृत कार्यपालक अभियंता गणेश राम को वेतन के अंतर राशि के भुगतान की स्वीकृति दी गई.
झारखंड मोटरयान करारोपण अधिनियम में संशोधन की स्वीकृति दी गई. इसके तहत दो पहिया कॉमर्शियव वाहनों को एक्स शोरूम कीमत का सात फीसदी 12 साल के लिए देना होगा. कैंपर वाहन को एक्स शोरूम की कीमत का सात फीसदी 15 साल के लिए देना होगा. वित्त आयोग के कार्यालय के लिए 18 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई.
