Giridih: चित्तरडीह-जमुआ मुख्य मार्ग पर अहले तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. एस. केदारनाथ पब्लिक स्कूल के सामने सुबह करीब 4 बजे एक हाईवा का स्टेरिंग अचानक जाम हो गया. जिससे वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. जबकि ट्रक को भी नुकसान पहुंचा. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केबिन के परखच्चे उड़ गए. लेकिन सौभाग्य से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम
घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंची. जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया गया. जिससे यातायात व्यवस्था बहाल हो सकी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा सुबह के व्यस्त समय में होता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.

