Chaibasa : जैंतगढ़ स्थित वैतरणी नदी में स्नान के दौरान डूब जाने से 13 वर्षीय किशोर अयान आलम की मौत हो गई. मृतक चंपुआ के मौलाना गोड्डा निवासी सरवर आलम का पुत्र था. और इन दिनों अपने ननिहाल जैंतगढ़ आया हुआ था. प्राप्त जानकारी के अनुसार अयान आलम शनिवार को वैतरणी नदी में नहाने गया था. उस समय घाट पर काफी कम लोग मौजूद थे. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा. उसने बाहर निकलने का काफी प्रयास किया, लेकिन नदी की अधिक गहराई के कारण वह पानी में समा गया. अयान को नदी में डूबते देख दस वर्षीय बच्चे ने जैंतगढ़ बाजार चौक पहुंचकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और नवयुवक नदी किनारे पहुंचे. कई युवक नदी में उतरकर अयान की तलाश में जुट गए.
दो घंटे की मशक्कत के बाद शव निकाला
घटना की सूचना मिलते ही चंपुआ प्रशासन, जगन्नाथपुर पुलिस और चंपुआ की एनडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंची. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नदी में अधिक गहराई के बावजूद स्थानीय युवकों एवं राहत दल ने करीब डेढ़ से दो घंटे तक लगातार खोजबीन की. काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया. इसके बाद अयान को तत्काल चंपुआ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

नदी घाट का सर्वे कराने की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगभग दो महीने पहले तक वैतरणी नदी लगभग सूखी हुई थी. कानपुर डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नदी में जलस्तर सामान्य हुआ, लेकिन जिस स्थान पर लोग वर्षों से स्नान करते आ रहे है. ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी घाट का सर्वे कराकर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने और खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ALSO READ : केंद्र सरकार की चिंताओं के बीच व्हाट्सऐप ने रखा अपना पक्ष, कहा – यूजरनेम फीचर के लिये तैयार है सुरक्षा उपाय


