Chaibasa: खरीफ 2026 के तहत बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई. DC मनीष कुमार ने अधिकारियों को 31 अगस्त 2026 तक अधिक से अधिक पात्र किसानों का बीमा कराने का निर्देश दिया.

गांव-पंचायत स्तर तक चलेगा जागरूकता अभियान
DC ने कहा कि योजना की जानकारी गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचाई जाए. कृषि विभाग, सहकारिता, लैम्पस, बैंक, प्रज्ञा केंद्र और बीमा कंपनी आपसी समन्वय से किसानों का निबंधन सुनिश्चित करें. किसी भी पात्र किसान को जानकारी के अभाव में योजना से वंचित नहीं होना चाहिए.
सिर्फ 1 रुपये में फसल बीमा
खरीफ 2026 में पश्चिमी सिंहभूम समेत चार जिलों में अगहनी धान और भदई मकई का बीमा किया जाएगा. किसान मात्र 1 रुपये में फसल बीमा करा सकते हैं. योजना के तहत प्राकृतिक आपदा और प्रतिकूल मौसम से फसल नुकसान पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार दावा मिलेगा.
ऋणी और गैर-ऋणी किसान भी पात्र
योजना में ऋणी और गैर-ऋणी दोनों किसान शामिल हो सकते हैं. गैर-ऋणी किसान बैंक, सहकारी समिति, प्रज्ञा केंद्र, पोस्ट ऑफिस, फसल बीमा ऐप या आधिकारिक पोर्टल से निबंधन करा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भूमि दस्तावेज और फसल बुआई प्रमाणपत्र जरूरी होंगे.
ALSO READ: कोडरमा: CGLपरीक्षा रद्द होने के बाद डोमचांच आपूर्ति कार्यालय में लटका ताला, ग्रामीण परेशान
हेल्पलाइन से मिलेगी जानकारी
किसान योजना से संबंधित जानकारी या शिकायत के लिए कृषि रक्षक हेल्पलाइन 14447 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा 706514447 व्हाट्सऐप चैटबॉट और Farm Mitra App से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

