Chaibasa: कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जदोराय मुंडरी के पिता एवं झारखंड आंदोलनकारी लखन मुंडरी का शुक्रवार को रांची स्थित रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया. वह 61 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर मिलते ही बंदगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

घर के आंगन में गिरने से हुए थे घायल
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे लखन मुंडरी अपने घर के आंगन में फिसलकर गिर गए थे. हादसे में उन्हें गंभीर चोट लगी. परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए खूंटी अस्पताल पहुंचाया. खूंटी में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया. रिम्स में इलाज के दौरान शुक्रवार करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली.
पैतृक गांव शारदा पहुंचा पार्थिव शरीर
निधन की सूचना मिलने के बाद देर शाम लखन मुंडरी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव शारदा पहुंचा. यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बंदगांव क्षेत्र के झारखंड आंदोलनकारियों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
शनिवार को होगा अंतिम संस्कार
स्वर्गीय लखन मुंडरी के अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उनका अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 11 बजे बंदगांव प्रखंड स्थित पैतृक गांव शारदा में किया जाएगा. लखन मुंडरी के निधन से क्षेत्र के लोगों में गहरा शोक है. झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को लोग याद कर रहे हैं. जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, झारखंड आंदोलनकारियों और ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
ALSO READ: बोकारो थर्मल: CISF कैंप में ब्रह्माकुमारीज ने मनाया रक्षाबंधन महोत्सव, जवानों को बांधा रक्षा सूत्र

