CHAIBASA: जिले के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है. पिछले 24 घंटों के भीतर यह दूसरा बड़ा धमाका है, जिसमें एक और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है. इस ताजा हमले के बाद पिछले दो दिनों में घायल हुए जवानों की कुल संख्या पांच पहुंच गई है.
जवान गंभीर रूप से घायल, एयरलिफ्ट की तैयारी
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को सुरक्षाबल के जवान सारंडा इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इसी दौरान एक जवान का पैर नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर लगाए गए आईईडी पर पड़ गया. जोरदार धमाके में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए विभाग ने तुरंत एयरलिफ्ट का फैसला लिया है. जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रांची भेजा जा रहा है, जहां उसे खेलगांव स्थित हेलीपैड से सीधे अस्पताल ले जाया जाएगा.
बता दें कि बीते बुधवार को भी इसी क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था, जिसमें चार जवान घायल हुए थे.
