Garhwa: जिले के प्रसिद्ध श्री ब्रह्म बाबा की नगरी लगमा, पोटमा में पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित बड़ा तालाब के पास नव निर्मित भव्य सूर्य मंदिर में भगवान श्री सूर्यनारायण विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है.
देव नगरी के लिए श्रद्धालुओं का प्रस्थान
इसके लिए यज्ञ समिति के पदाधिकारी और दर्जनों श्रद्धालु गुरुवार की सुबह सुरक्षित वाहनों से औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर के दिव्य कुंड से जल लेने के लिए प्रस्थान कर चुके हैं.
विधिवत शुभारंभ और आशीर्वाद
इससे पूर्व सभी श्रद्धालु नवनिर्मित मंदिर में एकत्रित हुए और सूर्य देव के जयकारे लगाते हुए श्री ब्रह्म बाबा स्थान पहुंचे. वहां माथा टेककर यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया गया. यज्ञ समिति के अध्यक्ष त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि पवित्र नगरी देव से दिव्य कलश में जल लेकर सभी श्रद्धालु शाम तक वापस लौट आएंगे.
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला
17 अप्रैल को मंदिर परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा, नगर भ्रमण, पंचांग पूजन और विभिन्न अधिवास आयोजित होंगे.
Also Read: झारखंड के विकास को मिलेगी डिजिटल रफ्तार, आईटी एक्सपर्ट्स संभालेंगे अब टैक्स का कारोबार!
श्रीमद भागवत कथा का आयोजन
श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ शाम 6 बजे से परम पूज्य संत श्री नीरज भास्कर जी महाराज के मुखारविंद से सात दिवसीय दिव्य संगीतमय कथा के रूप में होगा.
अन्य धार्मिक कार्यक्रम
- 20 अप्रैल (सोमवार) को संन्यासी बाबा श्री कीनाराम द्वारा स्थापित शिव मंदिर में नंदी स्थापना होगी.
- 21 अप्रैल (मंगलवार) को गढ़वा मानस मंडली द्वारा संगीतमय सुंदरकांड मानस पाठ का आयोजन किया जाएगा.
- 23 अप्रैल (गुरुवार) को हवन, श्रृंगार आरती, यज्ञ पूर्णाहुति और कथा का विश्राम होगा.
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
समिति ने जिलेवासियों से इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है. आयोजन के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था विभिन्न समितियों द्वारा की जाएगी.
देव यात्रा में शामिल प्रमुख श्रद्धालु
देव जाने वाले दल में मुख्य रूप से अनंत प्रसाद, सुधीर तिवारी, ओमप्रकाश गुप्ता, आशीष गुप्ता, संजय सोनी, वीरेंद्र प्रसाद, संजय प्रसाद, मनोज सोनी, मृत्युंजय पांडेय, मिथलेश सोनी, मनोज गुप्ता, शशिकांत पांडेय, अरविंद पांडेय, विवेक मद्धेशिया सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे.
