Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल के देवरी ओपी क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद 108 एंबुलेंस सेवा पर भी गंभीर सवाल उठे हैं. ससुराल पक्ष के लोगो का आरोप है कि अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद से रेफर किए जाने के बाद 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया गया, लेकिन कॉल रिसीव होने के बावजूद काफी देर तक होल्ड पर रखा गया और एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई. इसी दौरान युवक ने अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में ही दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार, देवरी ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि देवरी कला सड़क पर एक व्यक्ति शराब के नशे में पड़ा है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ में उसकी पहचान हैदरनगर थाना क्षेत्र के चेचेरिया गांव निवासी 25 वर्षीय रंजीत कुमार, जो देवरी कला गांव निवासी लक्ष्मण राम का दामाद था. इसके बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाकर युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया.
108 एंबुलेंस सेवा सही नहीं रहने के वजह से तत्काल एंबुलेंस भी नहीं मिली
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसी बीच साथ आए लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया, लेकिन उनका आरोप है कि कॉल रिसीव होने के बाद भी उन्हें 10 से 15 मिनट तक होल्ड पर रखा गया जिसके बाद फोन कट गया और तत्काल एंबुलेंस भी नहीं मिली. एंबुलेंस का इंतजार करते-करते युवक की अस्पताल में ही मौत हो गई. अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में दो एंबुलेंस है जिसमें एक एंबुलेंस श्रावणी मेले को लेकर देवघर ड्यूटी पर चला गया है, जबकि दूसरा एंबुलेंस 108 एंबुलेंस सेवा सही नहीं रहने के वजह से लगातार हुसैनाबाद से मेदिनीनगर भेजी जा रही है, युवक जब रेफर हुआ था तब अस्पताल का दूसरा एंबुलेंस दूसरे रेफर मरीज को लेकर गई हुई थी, जिसके चलते मृतक युवक को भेजने के लिये 108 ही सहारा था, जो कि नहीं मिल सका.
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
ससुराल पक्ष का कहना है कि दो युवक बाइक से रंजीत कुमार को नशे की हालत में सड़क किनारे उतारकर चले गए थे, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. वहीं मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. इधर, बुधवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.
