चाईबासा: नकटी-पोंगडा सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, 15 दिनों में निर्माण शुरू नहीं होने पर REO कार्यालय घेराव की चेतावनी

Chaibasa: बंदगांव प्रखंड की नकटी-पोंगडा मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. समाजसेवी सुनील लागुरी...

सड़क जाम कर विरोध जताते ग्रामीण
सड़क जाम कर विरोध जताते ग्रामीण

Chaibasa: बंदगांव प्रखंड की नकटी-पोंगडा मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. समाजसेवी सुनील लागुरी एवं जुगल किशोर पान के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. ग्रामीणों ने सड़क पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. सुबह करीब 6 बजे शुरू हुआ जाम लगभग 10 बजे तक जारी रहा. जाम की सूचना मिलने पर संबंधित ईंट भट्ठा संचालक मौके पर पहुंचे और सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों को तत्काल भरवाने का आश्वासन दिया. आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त करते हुए यातायात बहाल किया.

नौ गांवों के हजारों लोग बदहाल सड़क से परेशान

समाजसेवी सुनील लागुरी ने कहा कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क की बदहाली का खामियाजा नौ गांवों के हजारों लोग भुगत रहे हैं. कई बार मांग उठाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ REO विभाग के कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन किया जाएगा. ग्रामीणों ने बताया कि नकटी-पोंगडा सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है, जो लगभग नौ गांवों को जोड़ती है. इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज आते-जाते हैं. इसके अलावा यह सड़क धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. माता कंसरा मंदिर, पोंगडा पाउड़ी मंदिर और देवी स्थल दुर्गादा जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु इसी मार्ग का उपयोग करते हैं. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

15 दिनों में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने REO विभाग से मांग की कि 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए. चेतावनी दी गई कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो ग्रामीण REO कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी. विरोध-प्रदर्शन में सुनील लागुरी, जुगल किशोर पान, दशरथ तांती, बसंत तांती, कार्मेल बोदरा, रवि तांती, दिनेश नायक, शिबू संडील, नंदलाल गागराई, कृष्णा संडील, राजा तांती, इंद्रजीत तांती, सामु पूर्ति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

ALSO READ: पलामू: मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने का निर्देश, बूथों की हुई समीक्षा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *