Chakardharpur: प्रखंड के नलिता पंचायत अंतर्गत नलिता गांव में रोजो पर्व के शुभ अवसर पर पारंपरिक छऊ नृत्य एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. विजय सिंह गागराई उपस्थित रहे.
परंपराओं को बचाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने रामायण, महाभारत तथा अन्य पौराणिक कथाओं पर आधारित आकर्षक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. वहीं मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों और मनोरंजन के साधनों का भी आयोजन किया गया, जिसका ग्रामीणों ने भरपूर आनंद उठाया. अपने संबोधन में डॉ. विजय सिंह गागराई ने कहा कि छऊ नृत्य केवल एक कला नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है. उन्होंने कहा कि पौराणिक कथाओं और लोक परंपराओं को जीवंत रखने में छऊ नृत्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आज के आधुनिक दौर में अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को बचाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने तथा छऊ जैसी लोककलाओं के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.

कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ
उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं. भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता है, ताकि हमारी परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सकें. कार्यक्रम की अध्यक्षता आदे मुंडा ने की. आयोजन को सफल बनाने में सचिव गुलाब सिंह कुम्हार सहित महेश मुंडा, राजेश मुंडा, ओदार मुंडा, बसंत मुंडा, नीलमोहन मुंडा, रोहित मुंडा, नटवर मुंडा, श्रीचंद गोप, महेश प्रधान, रूइदास सामद, घासीराम प्रधान, कार्तिक डांगील एवं मानसिंह डांगील की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस अवसर पर हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और देर रात तक चले छऊ नृत्य एवं मेले का आनंद उठाया. कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

AlsoRead:दोहरे हत्याकांड के आरोपी को मिली आजीवन कारावास और 25000 जुर्माने की सजा

