Chakradharpur: भारतीय जनता पार्टी झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह को भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की प्रतिष्ठित हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य नामित किया गया है. उनका यह नामांकन भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा किया गया है. इस महत्वपूर्ण दायित्व के साथ अजय साह उन चुनिंदा व्यक्तियों में शामिल हो गए हैं, जिन्हें केंद्र सरकार ने राजभाषा हिंदी के संवर्धन, प्रचार-प्रसार तथा सरकारी कार्यों में उसके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने की जिम्मेदारी सौंपी है.
हिंदी सलाहकार समिति केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण सलाहकारी संस्था
बता दें, हिंदी सलाहकार समिति केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण सलाहकारी संस्था है, जिसका उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए आवश्यक सुझाव देना है. खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की इस समिति के अध्यक्ष स्वयं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री होते हैं, जबकि इसके सदस्यों में सांसदों के साथ-साथ साहित्य, शिक्षा, मीडिया, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों को शामिल किया जाता है.
यह अत्यंत गौरव, सम्मान और जिम्मेदारी का विषय- अजय साह
अपने नामांकन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अजय साह ने कहा, कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव, सम्मान और जिम्मेदारी का विषय है. उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रीय एकता और जनसंपर्क का एक सशक्त माध्यम है. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताकर राष्ट्रहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में योगदान देने का अवसर प्रदान किया है.
पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करेंगे कार्य
अजय साह ने कहा, कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने राजभाषा हिंदी तथा भारतीय भाषाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन एवं सरकारी कार्यों में उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा हिंदी को प्रशासन और जनसंचार के बीच एक मजबूत सेतु बनाने की दिशा में रचनात्मक सुझाव देंगे.
वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
अजय साह के हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य मनोनीत होने पर पश्चिम सिंहभूम के वरिष्ठ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है. इस अवसर पर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, भाजपा जिला महामंत्री तीरथ जामुदा, पूर्व जिला महामंत्री प्रताप कटियार, राकेश सिंह समेत अनेक भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा इसे जिले और झारखंड के लिए गौरव का विषय बताया.
यह भी पढ़ें: गुमला: वज्रपात से दो बैलों की मौत, विधवा किसान के सामने खड़ा हुआ आजीविका का संकट



