Chakradharpur: चक्रधरपुर प्रखंड के टेबो पंचायत अंतर्गत ग्राम कंडेयांग स्थित बिरहोर बस्ती में जन भागीदारी अभियान कार्यक्रम के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों एवं बिरहोर समुदाय के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना था. इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी भीषम कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील बड़ाईक, मुखिया प्रतिनिधि मंगरा ओड़िया मुख्य रूप से उपस्थित रहे. शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न तरह की जांच की गयी. इस दौरान 2 लाभुकों का आभा कार्ड बनाया गया, 1 लाभुक का आयुष्मान कार्ड बनाया गया, 45 लाभुकों की टीबी जांच की गई, 35 लाभुकों का स्किल टेस्ट किया गया, 13 लाभुकों का हीमोग्लोबिन टेस्ट एवं 5 लाभुकों का बीपी जांच किया गया. इसके अलावा अन्य विभागों की ओर से भी लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिया गया. शिविर में 4 लोगों को पेंशन योजना से जोड़ा गया, 2 लाभुकों का राशन कार्ड संबंधी कार्य किया गया तथा 1 दिव्यांग व्यक्ति को ट्राई साइकिल प्रदान की गई.

यह भी पढ़ें: झारखंड में पेसा नियमावली को लेकर आदिवासी संगठनों ने सरकार से मांगी बड़ी भूमिका
अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना उद्देश्य
मौके पर बीडीओ भीषम कुमार ने कहा कि जन भागीदारी अभियान का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि बिरहोर जैसे विशेष जनजातीय समुदायों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है. वहीं स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मंगरा ओड़िया ने कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि गांव के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने से काफी सहूलियत हुई है. शिविर को सफल बनाने में ब्लॉक कर्मी राजू कुमार, पंचायत सेवक बालेश्वर गोप, सुखदेव महतो समेत डॉक्टरों के साथ-साथ सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आयुष्मान कर्मी, एसटीएस, सिनी तथा मलेरिया ब्लॉक कोऑर्डिनेटर का योगदान रहा.
