सरायकेला: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को चांडिल प्रखंड के भुइयांडीह में आजसू पार्टी ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो और वरिष्ठ नेता घासीराम लायक ने संयुक्त रूप से किया. बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया.
बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार दिया. उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया. उनके विचार आज भी समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की स्थापना के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
नेताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल है. उनके सिद्धांतों को अपनाकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है. कार्यक्रम में युवाओं से शिक्षा और संगठन पर जोर देने की अपील की गई.
यह भी पढें: कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर जोर, जनता से सीधा संवाद बढ़ाने की रणनीति
