Ranchi : SIR से जुड़े हालिया घटनाक्रम और इसके सामाजिक प्रभावों पर चर्चा के लिए शनिवार को पुरुलिया रोड स्थित SDC हॉल में एक महत्वपूर्ण आपातकालीन बैठक आयोजित की गई. बैठक में रांची के विभिन्न चर्चों के सम्मानित लीडरों, पास्टरों, कलीसियाई प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर मंथन किया. बैठक के दौरान SIR से जुड़े विभिन्न पहलुओं, समाज पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. उपस्थित चर्च लीडरों ने अपने-अपने विचार और सुझाव रखते हुए समाज के हितों, अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया.
समाज के व्यापक हितों की रक्षा के संकल्प के साथ बैठक संपन्न
इस अवसर पर संगठनात्मक एकता को मजबूत करने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज की आवाज को सशक्त रूप से उठाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक भागीदारी और सामाजिक एकजुटता के बल पर ही जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है. बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने समाज के अधिकारों की रक्षा, जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर राजेश कच्छप ने बैठक में शामिल सभी चर्च लीडरों, पास्टरों एवं प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि समाज के हितों की रक्षा और सामूहिक एकजुटता ही सबसे बड़ी शक्ति है. उन्होंने सभी लोगों से आगे भी इसी प्रकार सहयोग, सहभागिता और एकता बनाए रखने की अपील की. बैठक का समापन समाज के व्यापक हितों की रक्षा और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ.


Also Read : गुमला भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, सिखाया गया चुनाव जीतने का हुनर
