Ranchi: झारखंड C.I.D. के आला अधिकारियों ने वर्ष 2019 में पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के बीच हुई मुठभेड़ मामले की समीक्षा बैठक की. इस मुठभेड़ में तीन उग्रवादी मारे गए थे, जबकि भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद की गई थी.
वर्ष 2019 में टंडवा थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि TSPC के टॉप कमांडर मुकेश गांझू, भीखन गांझू और जागेश्वर गांझू उर्फ जग्गू गांझू अपने दस्ते के साथ क्षेत्र के ठेकेदारों और व्यवसायियों से लेवी वसूलने के उद्देश्य से इलाके में सक्रिय हैं. साथ ही, वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना के तहत बभनवार के जंगलों में जुटे हुए हैं. सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस और CRPF की 190वीं बटालियन की संयुक्त छापेमारी टीम का गठन किया गया था.

पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने शुरू कर दी थी फायरिंग
सुरक्षाबल जब बभनवार तोरण के पास पहुंचे, तो घने जंगल का फायदा उठाते हुए उग्रवादियों ने पुलिस टीम को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की ओर से आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद उग्रवादी लगातार गोलीबारी करते रहे. इसके बाद आत्मरक्षा और जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी रणनीतिक तरीके से मोर्चा संभालते हुए नियंत्रित फायरिंग की. सुरक्षाबलों का दबाव बढ़ता देख कई उग्रवादी घने जंगलों और पहाड़ियों की आड़ लेकर फरार होने में सफल रहे.
अत्याधुनिक हथियार हुए थे बरामद
मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया. तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से तीन उग्रवादियों के शव बरामद किए गए.
शवों और आसपास के क्षेत्र से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार एवं अन्य सामग्री बरामद की गई थी. बरामद सामानों में AK-47 राइफल और उसकी मैगजीन, इंसास राइफल और मैगजीन, 9 एमएम पिस्तौल, AK-47, इंसास और पिस्तौल के सैकड़ों जिंदा कारतूस शामिल थे. इसके अलावा करीब 4 लाख 92 हजार रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड, वॉकी-टॉकी सेट, पिट्ठू बैग और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी बरामद की गई थी.
सब-जोनल कमांडर जग्गू गांझू की हुई थी पहचान
मारे गए उग्रवादियों में से एक की पहचान TSPC के सब-जोनल कमांडर जागेश्वर गांझू उर्फ जग्गू गांझू के रूप में हुई थी. वह कई उग्रवादी और आपराधिक मामलों में वांछित था.
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सभी हथियारों, नकदी और अन्य सामग्रियों को विधिवत जब्त कर लिया था. अब इस मामले की C.I.D. स्तर पर समीक्षा की जा रही है.
