Hazaribagh : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज भारत स्काउट और गाइड जिला मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी स्काउट और गाइड ने परिसर में पौधारोपण किया. इस अभियान के दौरान सभी सदस्यों ने यह प्रतिज्ञा ली कि वे न केवल अपने मोहल्ले में पौधे लगाएंगे, बल्कि अन्य लोगों को भी पर्यावरण को हरा-भरा रखने के लिए निरंतर प्रेरित करेंगे.

एक तरफ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, दूसरी ओर आज का दिन एक अपूरणीय क्षति के लिए भी याद रखा जाएगा
एक तरफ जहां पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया, वहीं दूसरी ओर आज का दिन एक अपूरणीय क्षति के लिए भी याद रखा जाएगा, हजारीबाग की सीनियर गाइड प्रिया राणा का हाल ही में आकस्मिक निधन हो गया है. प्रिया राणा भारत स्काउट और गाइड की एक अत्यंत सक्रिय और होनहार सदस्य थीं. उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे संगठन में शोक की लहर दौड़ गई है. कार्यक्रम के दौरान सभी स्काउट और गाइड ने एकत्रित होकर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सचिव मधुसूदन सिंह, जिला संगठन आयुक्त शत्रुंजय पाठक, एएलटी स्काउट सुबेन्धु टैगोर, एचडब्ल्यूबी स्काउट प्रवीण जायसवाल, सीनियर स्काउट कृष्णा बाला एवं तन्मय कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
Also Read : बिना लीज रिन्यूअल चल रहा स्टेशन क्लब, सरकारी जमीन वापसी की प्रक्रिया के बीच किराये पर देने की तैयारी
