Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता सोनाल शांति ने JPSC को लेकर भाजपा के प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने JPSC में सामने आए कथित गड़बड़ी के मामलों में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है. JPSC अध्यक्ष का इस्तीफा हो चुका है और मामले की CID जांच भी जारी है. ऐसे में BJP का आंदोलन केवल राजनीतिक नौटंकी है.
केंद्र सरकार पर जवाब देने से बच रही है- सोनाल शांति
सोनाल शांति ने कहा कि अगर BJP वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ है, तो उसे सबसे पहले NEET पेपर लीक जैसे मामलों की जिम्मेदारी लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था में हुई बड़ी गड़बड़ियों पर जवाब देने से बच रही है. कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि JPSC में भ्रष्टाचार की शुरुआत भाजपा के शासनकाल में हुई थी और उसी दौरान यह व्यवस्था कमजोर हुई. उन्होंने कहा कि BJP आज जिस मुद्दे पर आंदोलन कर रही है, उसकी जड़ें उसके अपने शासन में हैं.
उन्होंने दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र करते हुए कहा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और FIR दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उनका आरोप था कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने का काम कर रही है.
झारखंड में राजनीति कर रही है BJP- सोनाल शांति
सोनाल शांति ने कहा कि BJP देशभर में हुए पेपर लीक मामलों पर जवाब देने के बजाय झारखंड में राजनीति कर रही है. उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में सीधे कार्रवाई कर रही है, जबकि केंद्र सरकार शिक्षा माफिया पर सख्त कदम उठाने से बच रही है. कांग्रेस ने BJP से मांग की कि वह राजनीतिक प्रदर्शन करने के बजाय देशभर के उन छात्रों और युवाओं के सवालों का जवाब दे, जो भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग कर रहे हैं.
ALSO READ: जंतर-मंतर मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार
