Hazaribagh: पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बरही बाजार में हस्ताक्षर अभियान चलाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. अभियान का नेतृत्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की. अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनता की कमर तोड़ दी है.

एक महीने में 8 रुपये बढ़ गए पेट्रोल के दाम
प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल मनान वारसी ने कहा कि पिछले एक महीने में पेट्रोल की कीमत में 8 रुपये 6 पैसे तथा डीजल में 7 रुपये 80 पैसे की वृद्धि हुई है. इसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है. कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और सरकार से पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को वापस लेने की मांग करती है.
स्थानीय लोगों ने भी जताई नाराजगी
हस्ताक्षर अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़ती महंगाई पर नाराजगी जताई और सरकार से आम जनता को राहत देने की मांग की.
मौके पर कार्तिक पासवान, केदार यादव, पंकज पासवान, प्रकाश रविदास, मुकेश पासवान, रवि सिंह, मो. रिजवान, तोखन रविदास, मो. तौकीर रजा, मो. तैयब सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
