Giridih: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है. इसी क्रम में गिरिडीह की उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने शनिवार को 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी इलाकों का भ्रमण कर अभियान की जमीनी स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने घर-घर जाकर आम नागरिकों से संवाद किया और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के महत्व की जानकारी देते हुए लोगों को समय पर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने के लिए प्रेरित किया.
पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई
भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने नागरिकों को गणना प्रपत्र भरने की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई. उन्होंने बताया कि प्रपत्र भरते समय आवश्यक दस्तावेजों को संलग्न करना अनिवार्य है तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर इसे संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को जमा करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए.

सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित
DDC ने स्पष्ट कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती एक शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है. इसलिए सभी नागरिकों को इस अभियान में सक्रिय सहयोग करना चाहिए तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का गणना प्रपत्र समय पर भरवाना सुनिश्चित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज होना प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए आवश्यक है. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा SIR-2026 अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है. सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का शत-प्रतिशत सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके. जिला प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय रहते अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा करें. प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं, हर पात्र मतदाता जुड़े और जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बन सके.
AlsoRead:16वें वित्त आयोग से झारखंड की पंचायतों को बड़ी ताकत, पांच साल में मिलेंगे 14,231 करोड़ रुपये


