Palamu: जिला के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. चियांकी स्थित चावल गोदाम के पीछे एक कुएं से महिला का शव बरामद किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
शादी समारोह के दौरान हुई घटना पर अनसुलझा सवाल
जानकारी के अनुसार घटनास्थल के आसपास शादी समारोह की पार्टी चल रही थी. करीब दो-तीन बजे तक सभी लोग अपने-अपने घर निकल गए, हालांकि घटना कैसे घटी यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. स्थानीय लोगों ने कुएं में शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया. महिला की पहचान शांति देवी (51 वर्ष) के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में जुटी, कई पहलुओं पर पड़ताल जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है. घटना की जानकारी मिलने पर एएसआई समाल अहमद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू पर जांच की जा रही है.
Also Read: पलामू: बेकाबू गाड़ी ने ले ली दो किशोरों की जान, एक की हलात गंभीर
