Pakur: विधायक निसात आलम का प्रयास रंग लाया है. शहरकोल प्यादापुर बाईपास सड़क निर्माण में भू अर्जन की राशि को कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है. विधायक निसात आलम ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जो भी अधूरा कार्य है, उसे पूरा करने को लेकर हम लगातार काम कर रहे हैं.
45 करोड़ से अधिक राशि की स्वीकृति
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख सड़क सहरकोल से प्यादापुर बाईपास के निर्माण को लेकर भू अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यों के लिए 45 करोड़ 47 लाख 31 हजार रुपए की स्वीकृति झारखंड कैबिनेट से दी गई है. उक्त योजना में राशि की कमी के कारण योजना अधूरा पड़ा हुआ था, जिसको लेकर हम लोग काफी प्रयासरत थे.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मिली स्वीकृति
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उक्त मामले को लेकर मुलाकात कर राशि की मांग की गई थी. जिसके बाद इस मामले को लेकर कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव लाया गया और कैबिनेट से इसकी स्वीकृति प्रदान की गई.
जाम से मिलेगी राहत
अब इसके स्वीकृत होने से अधूरा सड़क का निर्माण कार्य पूरा होगा और हमेशा की तरह लगने वाले जाम से पाकुड़ शहरवासियों को मुक्ति मिलेगी. विधायक ने कहा कि हमारा हमेशा से प्रयास रहा है कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में जो भी अधूरा काम पड़ा हुआ है, उसे पूरा किया जाए. चौमुखी विकास करना हमारा मुख्य उद्देश्य है.
