Giridih: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों, संवाददाताओं, छायाकारों तथा प्रेस प्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी.
पत्रकार समाज से जुड़ी गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण
अपने शुभकामना संदेश में उपायुक्त ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता समाज को जागरूक, शिक्षित एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है. उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और शासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य भी करती है. निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम योगदान देती है. उपायुक्त ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं, जनभावनाओं तथा विकास से जुड़ी गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं. उन्होंने जिले के पत्रकारों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय मीडिया ने समय-समय पर सामाजिक सरोकारों, विकासात्मक कार्यों और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिले के सभी पत्रकार भविष्य में भी निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और जनकल्याण के मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तथा समाज को सही दिशा देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे. हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उनके इस संदेश को जिले के पत्रकारों के प्रति सम्मान और उत्साहवर्धन के रूप में देखा जा रहा है.
AlsoRead:SIR मुद्दे पर चर्च लीडरों की आपात बैठक, समाज के अधिकारों की रक्षा को लेकर बनी रणनीति
