एसटीपी कार्य से स्वामी विवेकानंद मैदान की स्थिति नारकीय,सुबह की सैर और बच्चों का खेल-कूद ठप

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए पाइप बिछाने के कार्य ने...

Swami Vivekananda Maidan
स्वामी विवेकानंद मैदान की स्थिति

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद मैदान में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए पाइप बिछाने के कार्य ने इन दिनों मैदान की सूरत बिगाड़ कर रख दी है. पाइपलाइन बिछाने के क्रम में पोकलेन से की गई बेतरतीब खुदाई और जलजमाव के कारण मैदान की स्थिति अत्यंत दयनीय और नारकीय हो गई है.

मैदान में प्रवेश करना भी दूभर

विदित हो कि यह क्षेत्र का एकमात्र प्रमुख मैदान है, जहां बड़ी संख्या में डीवीसी कर्मी, अधिकारी, उनके परिजन और स्थानीय नागरिक सुबह की सैर, व्यायाम तथा बच्चे खेल-कूद के लिए आते हैं. साथ ही स्थानीय एथलीट भी यहां नियमित अभ्यास करते हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति के कारण लोगों का मैदान में प्रवेश करना भी दूभर हो गया है.​ उल्लेखनीय है कि रामनवमी से पूर्व ही इस कार्य का विरोध किया गया था, क्योंकि खुदाई उसी स्थान पर की जा रही थी, जहां झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं.

विरोध के बाद प्रबंधन ने काम रोक दिया था, लेकिन त्योहार बीतते ही भरत जी पटेल कंपनी द्वारा पुनः कार्य आरंभ किया गया. इस दौरान कंपनी और डीवीसी इंजीनियरों की अनुपस्थिति में लापरवाही के चलते पानी टंकी की मुख्य सप्लाई पाइप टूट गई, जिससे पूरा मैदान जलमग्न हो गया था. पाइप मरम्मत के बाद अब रिटर्निंग वाटर को पोकलेन के जरिए मैदान में ही बहाया जा रहा है, जिससे मैदान का एक बड़ा हिस्सा कीचड़ और मलबे में तब्दील हो चुका है. इस अव्यवस्था से सैर करने वालों और खिलाड़ियों में भारी रोष है.

मामले पर डीवीसी के कंस्ट्रक्शन हेड देव प्रसाद खां ने बताया कि अगले 10 से 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा कर इसे सीआईएसएफ कार्यालय परिसर स्थित आइएसएलएस फाइव से कनेक्ट कर दिया जाएगा, जिसके बाद मैदान को पहले की तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा.

यह भी पढ़ें: हादसे के 40 घंटे बाद भी रेलवे ट्रैक जाम, प्लांट के अंदर ही फंसी मालगाड़ी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *