एग्जिट पोल : असम में भाजपा, केरल में यूडीएफ, तमिलनाडु में डीएमके जबकि पुदुचेरी में एनडीए की सरकार का अनुमान

Exit polls: पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के मतदान के बाद सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के माध्यम से सरकार बनाने का...

Exit polls: पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण के मतदान के बाद सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के माध्यम से सरकार बनाने का अनुमान लगाया. असम विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करता दिख रहा है. 126 सीटों वाली असम विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है. सामने आए सभी 11 प्रमुख एग्जिट पोल्स ने एक सुर में भाजपा गठबंधन की बंपर जीत की भविष्यवाणी की है. किसी भी सर्वे में कांग्रेस दूर-दूर तक टक्कर देती नजर नहीं आ रही है. सभी एजेंसियों ने भाजपा को 80 से ज्यादा सीटें दी हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि असम की जनता ने एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने का पूरा मन बना लिया है. ‘एक्सिस माय इंडिया’, ‘जेवीसी-टाइम्स नाऊ’, ‘पोल डायरी’ और ‘वोट वाइब’ जैसे बड़े सर्वे ने तो भाजपा गठबंधन को अधिकतम 100 या 101 सीटों तक पहुंचने का अनुमान जताया है. वहीं, मुख्य विपक्षी कांग्रेस गठबंधन की हालत बेहद खराब दिख रही है. ‘पी-मारक्यू’ (30-40 सीटें) को छोड़ दें तो ज्यादातर सर्वे में कांग्रेस गठबंधन 25 से 35 सीटों के बीच ही सिमटता नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें : बंगाल का एग्जिट पोल : ज्यादातर सर्वे में भाजपा को बहुमत, टीएमसी को दो सर्वे ने जिताया

केरल : यूडीएफ सरकार का अनुमान

केरल विधानसभा चुनाव 2026 के आठ प्रमुख एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आ चुके हैं. 140 सीटों वाली केरल विधानसभा में बहुमत का जादुई आंकड़ा 71 है. सामने आए आठ में से सात एग्जिट पोल्स में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता हुआ दिखाई दे रहा है. ‘एक्सिस माय इंडिया’ ने यूडीएफ की सबसे बड़ी जीत की भविष्यवाणी करते हुए उसे 78-90 सीटें दी हैं, जबकि सत्ताधारी वामपंथी गठबंधन एलडीएफ को 49-62 सीटों पर ही समेट दिया है. इसके अलावा ‘जेवीसी’, ‘वोट वाइब’, ‘चाणक्य स्ट्रैटजीज’, ‘पी-मारक्यू’, ‘मैट्रिज’ और ‘पीपल्स इनसाइट’ के आंकड़ों में भी यूडीएफ आसानी से बहुमत के पार या उसके बेहद करीब पहुंचती दिख रही है. इन रुझानों से साफ है कि केरल की जनता इस बार सत्ताधारी एलडीएफ को हटाकर बदलाव के मूड में है.

यह भी पढ़ें : बोकारो ट्रेज़री गबन मामला: CID ने एक पुलिस पदाधिकारी को किया गिरफ्तार, 1.11 करोड़ के घोटाले का खुलासा

तमिलनाडु : डीएमके की सत्ता में वापसी के संकेत

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नौ प्रमुख एग्जिट पोल्स के नतीजे सामने आ गए हैं, जो बेहद रोमांचक और चौंकाने वाले हैं. 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 है. सामने आए नौ में से छह सर्वे सत्ताधारी द्रमुक गठबंधन की सत्ता में वापसी का साफ संकेत दे रहे हैं. ‘प्रजा पोल’, ‘चाणक्य स्ट्रैटजी’, ‘पीपल्स पल्स’, ‘पी-मारक्यू’, ‘मैट्रिज’ और ‘पीपल्स इन्साइट’ के आंकड़ों में द्रमुक गठबंधन आसानी से बहुमत के पार जाता दिख रहा है. इन रुझानों से स्पष्ट है कि तमिलनाडु की जनता एक बार फिर सत्ताधारी गठबंधन पर अपना भरोसा जताती नजर आ रही है. वहीं, ‘जेवीसी’ के सर्वे ने एनडीए गठबंधन को 128 से 147 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिलने की भविष्यवाणी कर सबको हैरान कर दिया है. इन सबके बीच सबसे बड़ा सियासी भूचाल अभिनेता विजय की नई पार्टी टीवीके लाती दिख रही है. भरोसेमंद माने जाने वाले ‘एक्सिस माय इंडिया’ के एग्जिट पोल ने सारी तस्वीर ही बदल कर रख दी है. इस सर्वे में टीवीके को सबसे ज्यादा 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है, जिससे वह सबसे बड़ी पार्टी या सत्ता के करीब पहुंचती दिख रही है, जबकि द्रमुक+ 92-110 सीटों पर सिमटती दिख रही है. इसके अलावा ‘कामाख्या एनालिटिक्स’ के सर्वे में भी किसी दल को बहुमत नहीं मिला है, लेकिन टीवीके 67-81 सीटें जीतकर राज्य में ‘किंगमेकर’ की भूमिका में खड़ी है.

पुदुचेरी : फिर बन सकती है एनडीए सरकार

पुदुचेरी विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए गठबंधन ने पूरी तरह से बाजी मार ली है. पुदुचेरी के सभी पांच प्रमुख सर्वे में एनडीए भारी बहुमत के साथ सरकार बनाता दिख रहा है. ‘प्रजा पोल’ और ‘कामाख्या एनालिटिक्स’ के अनुमानों के अनुसार तो एनडीए 20 से ज्यादा सीटें जीत सकता है. इन रुझानों से एकदम साफ है कि पुदुचेरी की जनता ने सत्ता की चाबी एक बार फिर एनडीए गठबंधन को सौंपने का मन बना लिया है, जबकि कांग्रेस गठबंधन बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे छूट गया है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *