NewsWave Desk: यूपी की राजनीति के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया.
राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
इस घटना के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों और यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल उनकी मृत्यु के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ के हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता ने आधिकारिक तौर पर उनके निधन की पुष्टि की है.
Also Read: रांची: अरगोड़ा चौक पर यात्री बस पर फायरिंग, पुलिस ने घेराबंदी कर अपराधी को किया गिरफ्तार
मौत के कारणों पर बना हुआ है सस्पेंस
प्रतीक यादव के निधन की वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर इसे संदिग्ध माना जा रहा है. कुछ अपुष्ट सूत्रों के हवाले से जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस या परिवार की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
जांच अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में प्रतीक यादव के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला और भी उलझ गया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
