Giridih: जिला प्रशासन द्वारा किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं ग्रामीण उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है. बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत समाहरणालय परिसर में आम्रपाली आम प्रदर्शनी एवं बिक्री स्टॉल का शुभारंभ किया गया. स्टॉल का उद्घाटन उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव तथा उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से किया.
आम की गुणवत्ता, विपणन व्यवस्था तथा किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने स्टॉल का निरीक्षण कर आम की गुणवत्ता, विपणन व्यवस्था तथा किसानों को मिलने वाले लाभों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े किसानों और लाभुकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सके और उनकी आय में निरंतर वृद्धि हो. इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं भी मौजूद रहीं.

योजना से जुड़े किसान आम्रपाली आम का उत्पादन कर रहे हैं
जिले में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बड़े पैमाने पर फलदार पौधों का रोपण किया गया था, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है. योजना से जुड़े किसान आम्रपाली आम का उत्पादन कर रहे हैं और अब अपनी उपज को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में सक्षम हो रहे हैं. इससे किसानों की बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी तथा उन्हें अपनी उपज का बेहतर और उचित मूल्य प्राप्त होगा. प्रशासन द्वारा स्थापित इस स्टॉल के माध्यम से आम उत्पादकों, लाभुक किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, प्रचार-प्रसार और बिक्री का बेहतर मंच मिलेगा. वहीं आम खरीदारों को स्थानीय स्तर पर ताजे, गुणवत्तापूर्ण और स्वादिष्ट आम उपलब्ध हो सकेंगे.
आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसरों को विस्तार देने में मदद मिलेगी
जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों एवं महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. कार्यक्रम में उपस्थित किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी आय बढ़ाने और स्वरोजगार के अवसरों को विस्तार देने में मदद मिलेगी.
