Giridih : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गिरिडीह में जोरदार प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने पार्टी कार्यालय से टावर चौक तक पैदल मार्च निकाला. केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. इस दौरान झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई और केंद्र सरकार से छात्रों की समस्याओं का समाधान करने की अपील की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े NEET-2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है.
छात्रों पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण
इस मौके पर झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET-2026 में कथित पेपर लीक, सीबीएसई CBSE की मार्किंग प्रणाली में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे. लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस ने लाठीचार्ज और कथित बर्बर कार्रवाई की. जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ और बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. छात्र अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं तो सरकार का दायित्व है कि उनकी बात सुने, न कि बल प्रयोग कर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास करें.
पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच हो
संजय सिंह ने मांग की कि NEET- 026 से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जायें. शिक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई. टावर चौक पर कुछ देर तक प्रदर्शन के कारण लोगों की भीड़ जुटी रही और राजनीतिक गतिविधियां तेज रही.
ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमीला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, रॉकी सिंह, दारा हाजरा, मदनलाल विश्वकर्मा, अजीत सिंह पप्पू, सैफ अली गुड्डू, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
ALSO READ : JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते के आवास पर CID की रेड, देखें तस्वीरें
