Giridih: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरहटांड रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमोहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 29 वर्षीय पुत्र देव आशीष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, देव आशीष की शादी करीब चार माह पहले बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी.
दुकान जाने निकले थे घर से
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से दुकान खोलने के लिए बक्शीडीह जाने की बात कहकर घर से निकले थे. इसके कुछ घंटे बाद ही गरहटांड रेलवे ट्रैक पर उनके ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली. सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. अस्पताल पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया.
पत्नी और परिवार का बयान
मृतक की पत्नी मोली देवी ने बताया कि उनके पति सुबह दुकान जाने की बात कहकर निकले थे और बाद में पुलिस के फोन से उन्हें घटना की जानकारी मिली. वहीं मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देव आशीष की शादी चार महीने पहले ही हुई थी. उन्होंने यह भी कहा कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभी विवाद की बात सामने आई थी, हालांकि दोनों अलग-अलग रहते थे और उनका व्यवसाय भी अलग था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है.



