Jamtara: अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी 14 सूत्री मांगों के समर्थन में शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा जामताड़ा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया और सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की.
वर्षों से समस्याएं लंबित हैं
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व संघ के जिला अध्यक्ष नवल सिंह ने किया. इस अवसर पर संघ के राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, सदस्य बैजू झा, मनोज कुमार, पंकज मंडल, अनिल सिंह, बबीता साहा, झूमा गण, खुशबू गुप्ता, राहुल तिवारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे. प्रदर्शनकारियों ने समय पर वेतन भुगतान, सेवा सुरक्षा की गारंटी, विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान तथा एएनएम-जीएनएम संघ की जिला अध्यक्ष रेखा कुमारी के निधन से जुड़े मामलों सहित 14 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया. स्वास्थ्य कर्मियों का कहना था कि वर्षों से उनकी समस्याएं लंबित हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है.

आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा
सभा को संबोधित करते हुए राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा कि यह केवल जामताड़ा जिले का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के स्वास्थ्य कर्मियों का आंदोलन है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा तथा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. धरना में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य कई कार्य प्रभावित रहे. उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की. प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों और सम्मानजनक सेवा शर्तों की मांग बुलंद की.

AlsoRead:RJD नेताओं के बयानों पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- गठबंधन धर्म और राजनीतिक मर्यादा का करें पालन

