Gumla: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में आज बसिया अंचल अंतर्गत मौजा बोंगालोया टंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में जिला टास्क फोर्स (खनन) ने छापेमारी अभियान चलाया. यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया की अगुवाई में अंचल अधिकारी, बसिया, जिला खनन पदाधिकारी, गुमला तथा सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने की. जांच के क्रम में मौजा बोंगालोया में गैरमजरूआ आम भूमि पर अवैध रूप से बालू का भंडारण किया गया था. मौके पर लगभग 30,000 घनफीट अवैध बालू पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया. जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि इस स्थल पर किसी प्रकार का वैध घाट बंदोबस्ती अथवा भंडारण अनुज्ञप्ति उपलब्ध नहीं है. बालू का भंडारण गैर कानूनी पाया गया.
यह भी पढ़ें : कुख्यात सुजीत सिन्हा गिरोह के तीन गुर्गों की जमानत याचिका खारिज,CID कोर्ट ने नहीं दी राहत
जिला प्रशासन ने कहा- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि इस अवैध उत्खनन एवं भंडारण कार्य में लगभग 10 लोग संलिप्त हैं. इस प्रकार की गतिविधियों से न केवल सरकारी राजस्व की हानि हो रही है, बल्कि राष्ट्रीय संपत्ति का भी क्षरण हो रहा है. उल्लेखनीय है कि बिना वैध पट्टा अथवा अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन, भंडारण अथवा परिवहन करना खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 4 एवं 21 तथा झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, 2004 के प्रावधानों का उल्लंघन है. इसके अतिरिक्त झारखंड मिनरल्स (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियम, 2017 के तहत भी यह दंडनीय अपराध है. अवैध बालू भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों एवं संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए उपयुक्त धाराओं के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
यह भी पढ़ें : धनबाद: अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ CISF का बड़ा एक्शन, 30 टन कोयला जब्त, तस्करों में मचा हड़कंप
