Gumla: बिशुनपुर थाना क्षेत्र के सेरका सियारटोली गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. शराब के नशे में धुत एक पुत्र ने अपने ही 70 वर्षीय पिता बुधराम उरांव पर कुदाल से जानलेवा हमला कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. जिसकी इलाज के क्रम में मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, पुत्र महेश्वर उरांव शराब के नशे में घर पहुंचा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर उसके और पिता बुधराम उरांव के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महेश्वर ने पास में रखी कुदाल उठाकर पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया. हमले में बुधराम उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही तड़पने लगा. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बिशुनपुर थाना पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को बिशुनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. बिशुनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र महेश्वर उरांव को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कुदाल भी बरामद कर जब्त कर लिया है.



