गुमला: आमजनो की सुविधा के लिए चैनपुर मुख्यालय में हर मंगलवार जनता से मिलेंगी एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल

Gumla:आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में चैनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी...

Gumla:आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में चैनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) श्रुति अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. एसडीपीओ कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी जानकारी के अनुसार, अब प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चैनपुर थाना परिसर स्थित सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय में एसडीपीओ स्वयं उपस्थित रहेंगी और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगी.

संबंधित शिकायतें और सुझाव सीधे एसडीपीओ के समक्ष रख सकेंगे

जानकारी के अनुसार, वर्तमान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी का कार्यालय चैनपुर मुख्यालय से लगभग छह किलोमीटर दूर किरतो गांव के समीप स्थित है. कार्यालय मुख्यालय से दूर होने के कारण कई ग्रामीण एवं आम नागरिक अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर सीधे एसडीपीओ कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं. इससे पुलिस पदाधिकारियों और आम जनता के बीच अपेक्षित संवाद और जुड़ाव भी पूरी तरह स्थापित नहीं हो पाता है. इन्हीं व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए एसडीपीओ श्रुति अग्रवाल ने यह निर्णय लिया है कि सप्ताह में एक दिन चैनपुर मुख्यालय में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनेंगी. इस दौरान क्षेत्र के नागरिक कानून-व्यवस्था, भूमि विवाद, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सामाजिक समस्याओं सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें और सुझाव सीधे एसडीपीओ के समक्ष रख सकेंगे.

आमजन को अपनी बात रखने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी

पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से आमजन को अपनी बात रखने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी. साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को भी मजबूती मिलेगी. एसडीपीओ कार्यालय ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित समय पर चैनपुर थाना परिसर स्थित सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं सुझावों से पुलिस प्रशासन को अवगत करा सकते हैं. यह पहल पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

AlsoRead:रांची: नयासराय तालाब में डूबने से युवक की मौत, पुलिस और NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *