Gumla: जिले के जारी प्रखंड के बरवाडीह गांव निवासी 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर गुफरान खान की बेंगलुरु में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने कमरे में लगे पंखे से लटका उनका शव बरामद किया है. परिजनों का आरोप है कि गुफरान की हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया है. उन्होंने मजदूर नेता जुम्मन खान से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. परिजनों के अनुसार, गुफरान करीब एक महीने पहले मजदूरी करने बेंगलुरु गया था. वह एक खिलौना बनाने वाली कंपनी में काम करता था. बीती शाम उन्हें सूचना मिली कि उसने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया.
परिजनों को आत्महत्या की कहानी पर संदेह
हालांकि, परिजनों का कहना है कि उन्हें जो वीडियो मिला है, उसे देखने के बाद उन्हें आत्महत्या की कहानी पर संदेह है. उनका दावा है कि गुफरान पूरी तरह सामान्य था और अचानक आत्महत्या नहीं कर सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके. परिजनों का यह भी कहना है कि वीडियो में मृतक के पैर जमीन को छूते हुए दिखाई दे रहे हैं.
निष्पक्ष जांच की मांग
मजदूर संघ C.F.T.U.I. के प्रदेश उपाध्यक्ष जुम्मन खान ने कहा कि शव गुमला पहुंचने के बाद श्रम अधीक्षक गुमला और प्रवासी नियंत्रण कक्ष, रांची को लिखित आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी. उन्होंने कहा कि उपलब्ध वीडियो को देखकर प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी.
ALSO READ: चतरा : संदेहास्पद स्थिति में मिला युवक का शव, विरोध में चतरा-डोभी NH-22 जाम
