Chatra : जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घंघरी ईलाके मे एक युवक का शव संदेहास्पद स्थिति में मिला. घटना चतरा-डोभी मुख्य पथ एनएच NH-22 का है. जहां शव सड़क किनारे मिला. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए. मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है. मुकेश प्रतापपुर प्लस टू हाई स्कूल में वोकेशनल ट्रेड इंचार्ज शिक्षक के रूप में कार्यरत थे. परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि हत्या कहीं और करके मृतक के बॉडी और उनके बाईक को घंघरी में सड़क किनारे लाकर फेंका गया है. साथ ही हत्या को दुर्घटना में बदलने की नीयत से बाईक को भी पुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इधर, शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया है. वहीं घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-डोभी मुख्य पथ एनएच-22 को घंघरी में जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया है. जिससे चतरा से बिहार के गया व अन्य रूट में चलने वाले छोटी-बड़ी वाहनों कि लंबी लाइन सड़क के दोनों ओर लग गई है. जाम से आवागमन पूरी तरह बाधित है.
प्रदर्शनकारियों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शनकारी दोषियों पर अविलंब कड़ी कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे है. हालांकि घटना कि सूचना मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने के प्रयास मे जुटे है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. थाना प्रभारी के अनुसार घटनास्थल और घटना के हर संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले के अनुसंधान मे जुट गई है.
ALSO READ : CJP संसद मार्च : 78 प्रदर्शनकारी हिरासत में, 60 से अधिक घायल, सरकारी वाहनों और संपत्ति को नुकसान
