Hazaribagh: मुहर्रम पर्व को लेकर सहायक विद्युत अभियंता ने जुलूस आयोजकों एवं आम नागरिकों से बिजली सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है. विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि सुरक्षित मुहर्रम जुलूस के संचालन के लिए बिजली से संबंधित सावधानियों का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है.
ऊंचे ताजिया और झंडों को बिजली तारों से रखें दूर
सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि जुलूस के दौरान ऊंचे ताजिया, झंडे, बांस, लोहे के पाइप अथवा अन्य सामग्री को विद्युत तारों से पर्याप्त दूरी पर रखा जाए. विद्युत तारों के नीचे ताजिया उठाने या उसकी ऊंचाई बढ़ाने का प्रयास नहीं किया जाए.

बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर न चढ़ें
उन्होंने कहा कि किसी भी विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, स्टे वायर या अन्य विद्युत संरचना को छूने, उस पर चढ़ने अथवा सजावट का प्रयास न करें. ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है.
जुलूस मार्ग का पहले निरीक्षण करना जरूरी
विभाग ने जुलूस आयोजकों से अपील की है कि वे जुलूस मार्ग का पहले निरीक्षण कर लें और जहां आवश्यकता हो वहां विद्युत विभाग के साथ समन्वय स्थापित करें. यदि मार्ग में कहीं विद्युत लाइन नीचे झुकी हुई, क्षतिग्रस्त या टूटी हुई दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी विद्युत कार्यालय को दें.
बारिश और आंधी के दौरान बरतें अतिरिक्त सावधानी
सहायक विद्युत अभियंता ने कहा कि वर्षा या आंधी की स्थिति में विद्युत उपकरणों और तारों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें. डीजे, साउंड सिस्टम एवं जनरेटर का उपयोग केवल प्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा सुरक्षित तरीके से किया जाए. उचित अर्थिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
बच्चों को विद्युत संरचनाओं से रखें दूर
उन्होंने लोगों से अपील की कि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बच्चों एवं आम नागरिकों को विद्युत संरचनाओं के पास जाने से रोकें. साथ ही जुलूस में शामिल स्वयंसेवक एवं आयोजक विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अन्य लोगों को भी सावधान करें.
यह भी पढ़ें: कोडरमा मे खराब रिजल्ट वाले सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 70 शिक्षकों पर गिरी गाज
आपात स्थिति में तुरंत करें संपर्क
सहायक विद्युत अभियंता ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत विद्युत विभाग के नियंत्रण कक्ष अथवा संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.


