Palamu: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पलामू जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सदर प्रखंड कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया और बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से संवाद कर प्रशिक्षण की प्रगति की जानकारी ली.
BLO की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : DC
DC ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.

30 जून से घर-घर होगा सत्यापन
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण करेंगे. इसके लिए उन्हें फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा पूर्व की मतदाता सूची से मतदाताओं की मैपिंग संबंधी सभी प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित बीएलओ मतदाताओं के बीच फैली किसी भी प्रकार की भ्रामक या गलत जानकारी को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
पुराने मतदाताओं को नहीं देना होगा अतिरिक्त दस्तावेज
DC ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं का नाम पूर्व की एसआईआर मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी. साथ ही पूर्व में दर्ज विवरण उनके पुत्र-पुत्रियों के लिए अभिभावक प्रमाण के रूप में भी मान्य होगा. उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता मैपिंग प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती जाए. गलत जानकारी के आधार पर की गई मैपिंग से मतदाता विसंगति (एनोमली) की श्रेणी में आ सकते हैं, जिसके बाद उन्हें नोटिस, सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन जैसी प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ सकता है. प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ जागो महतो सहित बड़ी संख्या में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे.


