Hazaribagh : विष्णुगढ़ प्रखंड के खरना पंचायत अंतर्गत बारा गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने एक ग्रामीण को कुचलकर मार डाला. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान भुनेश्वर महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे भुनेश्वर महतो घर से शौच के लिए बाहर निकले थे. इसी दौरान गांव के समीप विचरण कर रहे हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया. हाथियों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया. हमले में भुनेश्वर महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, लेकिन हाथियों के झुंड के कारण काफी देर तक कोई शव के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका. बाद में हाथियों के जंगल की ओर लौटने पर ग्रामीणों ने शव को देखा और इसकी सूचना वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को दी.
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. वही,ं वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और हाथियों की गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है.

आस – पास के गांवों में दहशत का माहौल
घटना के बाद बारा गांव सहित आसपास के इलाकों में हाथियों के आतंक से भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का झुंड लगातार क्षेत्र में घूम रहा है. जिससे लोगों का रात में घर से निकलना मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है.
ग्रामीणों की मांग उठायें आवश्यक कदम
ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों के लगातार बढ़ते आतंक को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए और स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. जिससे भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.


