Hazaribagh: झारखंड सरकार के आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा ने हजारीबाग स्थित आयुष भवन का निरीक्षण कर यहां विकसित हर्बल गार्डन की मुक्तकंठ से सराहना की. औषधीय पौधों से सुसज्जित और सुव्यवस्थित हर्बल गार्डन को देखकर उन्होंने इसे राज्य के अन्य जिलों के लिए आदर्श मॉडल बताया और निर्देश दिया कि झारखंड के प्रत्येक जिले तथा प्रत्येक AAM AYUSH (आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष) में भी इसी तर्ज पर हर्बल गार्डन विकसित किए जाएं.
हर्बल गार्डन ने जीता निदेशक का दिल
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने आयुष भवन परिसर में विकसित औषधीय पौधों, उनकी देखरेख और बागवानी व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया. उन्होंने जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस.एन. तिवारी की सराहना करते हुए कहा कि हजारीबाग का हर्बल गार्डन न केवल आकर्षक है, बल्कि आयुष चिकित्सा और औषधीय पौधों के संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण भी है. उन्होंने कहा कि ऐसे गार्डन लोगों को औषधीय पौधों की पहचान, उनके उपयोग और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
राज्यभर में विकसित होंगे हर्बल गार्डन
आयुष निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि झारखंड के सभी जिलों और प्रत्येक AAM AYUSH केंद्र में हर्बल गार्डन विकसित किए जाएं. उनका मानना है कि इससे आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा मिलेगा, पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी और आम लोगों में औषधीय वनस्पतियों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी.
विभागीय व्यवस्थाओं की भी की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने आयुष भवन की विभागीय व्यवस्थाओं, स्वच्छता, औषधीय पौधों के संरक्षण और जनहित में संचालित विभिन्न गतिविधियों की भी समीक्षा की. उन्होंने इन व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं और इन्हें आगे भी इसी समर्पण के साथ जारी रखा जाना चाहिए.
Also Read: हजारीबाग: CCL हॉस्पिटल में 6.50 लाख के मेडिकल बिल घोटाले का आरोप, दो डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षर
सदर अस्पताल व मेडिकल कॉलेज के कर्मियों का बढ़ाया उत्साह
श्री झा ने सदर अस्पताल एवं शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि आयुष सेवाओं का विस्तार और प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है.
गुलदस्ता भेंट कर किया गया स्वागत
निरीक्षण के दौरान आयुष विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने निदेशक का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया. उनके दौरे से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में राज्य में आयुष सेवाओं का विस्तार होगा और हजारीबाग की हर्बल गार्डन पहल पूरे झारखंड के लिए प्रेरणा बनेगी.
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला प्रबंधक जमाल रिज़वी, आयुष नोडल पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार शाही, डॉ. नीरज उपाध्याय, डॉ. रंजीत दांगी, राजनंदनी, हरिनंदन सहित आयुष विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे.
