Ranchi : राजधानी के वीआईपी और पॉश इलाकों में शुमार कांके रोड पर रविवार की दोपहर राहगीरों को भारी जाम का सामना करना पड़ा. छुट्टी के दिन दोपहर में अचानक लगे इस लंबे ट्रैफिक जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. जानकारी के अनुसार, कांके रोड के एक लेन में यातायात पूरी तरह से रेंगता हुआ नजर आया. इस भारी जाम की मुख्य वजह इस्कॉन द्वारा निकाली जा रही भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा बताई जा रही है.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धीमी हुई रफ्तार
रथ यात्रा के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा जी के दर्शन के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. रथ को खींचने और भगवान की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग कांके रोड पर इकट्ठा हुए. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सड़क पर चल रहे उत्सव के कारण सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर इस रूट पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई.
Read Also: देवघर पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद, परिवार संग बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना
एक लेन में थम गए वाहनों के पहिए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रथ यात्रा जिस लेन से गुजर रही थी, वहां वाहनों की कतारें एक किलोमीटर से भी ज्यादा दूर तक लग गईं. रविवार का दिन होने के बावजूद कई लोग आवश्यक कार्यों से घरों से बाहर निकले थे, जो इस जाम में फंस गए.दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहन चालक रेंग-रेंग कर आगे बढ़ने को मजबूर दिखे. जाम की स्थिति को देखते हुए मौके पर ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात को सुचारू कराने के प्रयास में जुटे हैं.
