Hazaribagh: मुफस्सिल थाना क्षेत्र की एक महिला ने होमगार्ड जवान पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर मुफस्सिल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

नौकरी दिलाने का भरोसा देकर बनाया संपर्क
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान बालेश्वर कुमार के रूप में हुई है. वह इचाक थाना क्षेत्र के कारीमाटी गांव का रहने वाला बताया गया है. मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे होमगार्ड में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर संपर्क बनाया था.
वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
महिला का आरोप है कि संपर्क के दौरान आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया. वीडियो हाथ लगने के बाद वह उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप महिला ने लगाया है.
करीब दो वर्षों तक प्रताड़ित करने का आरोप
महिला के अनुसार आरोपी की ओर से यह सिलसिला करीब दो वर्षों तक चलता रहा. लगातार धमकी और दबाव से परेशान होकर महिला ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
शिकायत के आधार पर मुफस्सिल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
AlsoRead:गृह रक्षक नवनामांकन, हजारीबाग के चार प्रखंडों के भौतिक और दस्तावेज सत्यापन की नई तिथि जारी

