Hazaribagh : जिला स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार के आदेश पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं कार्यालयों में कार्यरत 19 लिपिकों का स्थानांतरण किया गया है. इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित कर्मियों को नए पदस्थापन स्थल पर समय पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव तथा स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक प्रमुख के निर्देश के आलोक में 27 जून को आयोजित स्थापना समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर यह स्थानांतरण किया गया है. सिविल सर्जन कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही संस्थान में कार्यरत लिपिकों को विभिन्न कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे कार्य प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी.
10 जुलाई तक विरमित करने का निर्देश
आदेश में सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित कर्मियों को हर हाल में 10 जुलाई तक विरमित किया जाए. यदि कोई कर्मी निर्धारित अवधि तक विरमित नहीं किया जाता है, तो 11 जुलाई से उन्हें स्वतः विरमित माना जाएगा. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जुलाई 2026 का वेतन संबंधित कर्मियों को उनके नए पदस्थापन कार्यालय से ही भुगतान किया जाएगा.

इन लिपिकों का हुआ स्थानांतरण
स्थानांतरण सूची के अनुसार जिन कर्मियों का तबादला किया गया है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं :
- इंद्रदेव प्रसाद- क्षेत्रीय उप निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं से प्रशिक्षण केंद्र
- रघुन कुमार- सिविल सर्जन कार्यालय से अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय
- सुनीता कुमारी- जिला मास मीडिया कार्यालय से ANM स्कूल
- मनोज कुमार- जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय से जिला यक्ष्मा कार्यालय
- रवि कुमार- जिला यक्ष्मा केंद्र से जिला मास मीडिया कार्यालय
- मनीलाल सिंह- CHC बड़कागांव से ACMO कार्यालय
- गीता देवी- CHC बड़कागांव से PHC हरली
- अनुज प्रताप- PHC चम्पादा से CHC विष्णुगढ़
- आशीष कुमार वर्मा- PHC बादम से CHC इचाक
- संजय कुमार शर्मा- CHC विष्णुगढ़ से CHC बरकट्ठा
- सुधीर कुमार- CHC चौपारण से CHC बड़कागांव
- गणपति कुमार झा- CHC चौपारण से अनुमंडलीय अस्पताल बरही
- सुरेंद्र कुमार- PHC आंगो से PHC दारू
- सिबाय राज- PHC चुरचू से जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय
- दीपक कुमार- CHC इचाक से CHC चौपारण
- आशीष रंजन यादव- CHC कटकमसांडी से CHC सदर
- शुभम कुमार- CHC सदर से CHC कटकमसांडी
- नीलकंठ विश्वकर्मा- PHC दारू से CHC पदमा
- जोनास मिंज- शहरी PHC से अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय
प्रशासनिक व्यवस्था में आएगी तेजी
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित कर्मचारियों के स्थानांतरण से कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही तय होगी तथा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अनुभवी कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी. इससे विभागीय कार्यों के निष्पादन में भी गति आने की उम्मीद है. स्वास्थ्य विभाग का यह कदम जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Also Read : पटना में कथित प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: शादी का दबाव, फायरिंग के बाद तीसरी मंजिल से गिरकर युवक की मौत


