हजारीबाग: ‘मैजिस सम्मान समारोह में मेधा का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का बढ़ाया गया उत्साह

Hazaribagh: हजारीबाग जेसुइट एजुकेशन सोसाइटी द्वारा रविवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग के ऑडिटोरियम में ‘मैजिस अवार्ड सेरेमनी–2026’ का भव्य आयोजन किया...

'मैजिस सम्मान समारोह में मेधा का हुआ सम्मान, उत्कृष्ट विद्यार्थियों का बढ़ाया गया उत्साह'

Hazaribagh: हजारीबाग जेसुइट एजुकेशन सोसाइटी द्वारा रविवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, हजारीबाग के ऑडिटोरियम में ‘मैजिस अवार्ड सेरेमनी–2026’ का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 10 एवं 12 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे भी उत्कृष्टता की राह पर प्रेरित करना था. समारोह के मुख्य अतिथि , कुमारी नीलम , जिला शिक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग थे, जबकि हजारीबाग प्रांत के प्रोविंशियल फादर विंसेंट हैंसदाक एस.जे. विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान विद्यालय के प्राचार्य फादर रोसनर खलखो एस.जे. ने की.

प्राचार्य फादर ने स्वागत भाषण से बच्चों का बढ़या उत्साह

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं प्रार्थना नृत्य से हुई. इसके बाद प्राचार्य फादर रोसनर खलखो एस.जे. ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में उत्कृष्ट चरित्र, सेवा-भाव और मानवीय मूल्यों का विकास करना है. अपने संबोधन में प्रोविंशियल फादर विंसेंट हैंसदाक एस.जे. ने ‘मैजिस’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका अर्थ है,-‘और अधिक’, अर्थात जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर बेहतर बनने का प्रयास करना. उन्होंने विद्यार्थियों से उत्कृष्टता, अनुशासन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सम्मानित विद्यार्थियों को दी बधाई

मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी अपने विद्यालय, परिवार और जिले का नाम रोशन करने का आग्रह किया. समारोह के दौरान हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़ एवं लातेहार क्षेत्र के जेसुइट विद्यालयों के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई.

धन्यवाद प्रस्तुत कर राष्ट्रगान के साथ समारोह का हुआ समापन 

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया. सेंट जेवियर्स +2 सीतागढ़ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आधुनिक नागपुरी नृत्य तथा सेंट रॉबर्ट्स +2, सिंदूर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मशअप नागपुरी नृत्य को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.अंत में प्रोविंशियल सचिवालय, हजारीबाग के प्रतिनिधि फादर रंजीत मरांडी एस जे द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया. राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, जिसके बाद सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए सहभोज की व्यवस्था की गई. इस अवसर पर विभिन्न जेसुइट विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे. समारोह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर करने की प्रेरणा दी.

ALSO READ : Fashion Trend 2026: आखिर क्यों वायरल हो रहा है Gen-Z का नया फैशन स्टाइल? जानिए 2026 के सबसे बड़े ट्रेंड

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *