हजारीबाग : सांसद ने ली PVUNL परियोजना की जानकारी, अधिकारियों ने बताया अगले साल तक पूरा होगा तीसरे यूनिट का काम

Hazaribagh : हजारीबाग सांसद ने मंगलवार को पतरातू विद्युत उत्पादन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में परियोजना की...

Hazaribagh : हजारीबाग सांसद ने मंगलवार को पतरातू विद्युत उत्पादन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की. बैठक में परियोजना की प्रगति, भविष्य की योजनाओं, स्थानीय विकास कार्यो और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि पीवीयूएनएल की दूसरी यूनिट का कमिशनिंग कार्य अंतिम चरण में है. जल्द ही इससे 800 मेगावाट बिजली उत्पादन शुरू हो जाएगा. वहीं तीसरी यूनिट का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है. जिसे अगले साल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके चालू होने पर अतिरिक्त 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा. अधिकारियों ने बताया कि परियोजना से उत्पादित होने वाली कुल बिजली का लगभग 85 फीसदी हिस्सा झारखंड को मिलेगा. जिससे राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती मिलेगी.

सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट की मांग

सांसद ने पर्यटन चौक से पतरातु बाजार होते हुए रेल फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव रखा. साथ ही परियोजना क्षेत्र से एक किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया. बैठक में प्रथम चरण में लगभग 1350 स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई. जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी.

हर पंचायत में बनेगा सामुदायिक भवन

पतरातु प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में आधुनिक सामुदायिक भवन निर्माण योजना की समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि अब तक पांच सामुदायिक भवन बनकर तैयार हो चुके हैं. जबकि चार भवनों का निर्माण कार्य जारी है. शेष पंचायतों में भी जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है. इन भवनों के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी.

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने पर जोर

बैठक में स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. सांसद ने ट्रांसफॉर्मर प्रशिक्षण कार्यक्रम समेत विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़ने और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की बात कहीं. उन्होंने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देते हुए रोजगार देने की बात कही. सांसद ने पतरातु कॉलेज में निर्माणाधीन लाइब्रेरी भवन की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिया.

ऊर्जा क्षेत्र में झारखंड की नई पहचान

बैठक के दौरान सांसद ने कहा कि पतरातु विद्युत परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है. इस परियोजना ने झारखंड को ऊर्जा क्षेत्र में नई पहचान और नई शक्ति प्रदान की है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सालों में पतरातु विकास, रोजगार और औद्योगिक प्रगति का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा. बैठक में सीईओ, एचआर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

 

ALSO READ : ED ने जिस अनवर ढेबर की कम्पनी ओम साईं और दिशिता की प्रॉपर्टी जब्त की वह झारखंड में भी करोड़ों के घोटाले में शामिल 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *