Hazaribagh: जिले के केरेडारी प्रखंड स्थित +2 उच्च विद्यालय केरेडारी में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. विद्यालय प्रबंधन पर बिना परीक्षा दिए बच्चों को पैसे लेकर पास कराने का आरोप लगा है. मामला उस समय सामने आया जब विद्यालय के लिपिक जयदेव और एक छात्र के बीच बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वायरल ऑडियो ने खोली व्यवस्था की पोल
वायरल ऑडियो में छात्र टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) की मांग करता सुनाई दे रहा है. बातचीत के दौरान कथित रूप से लिपिक छात्र से प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल नहीं होने की बात कहते हैं. इसके बाद छात्र परीक्षा के दिन बाहर जाने की बात बताता है. आरोप है कि इसके जवाब में लिपिक द्वारा टीसी के लिए पैसे की मांग की जाती है. ऑडियो में 500 रुपये देने की बात सामने आ रही है.
छात्रों ने लगाए पैसे लेने के आरोप
ऑडियो वायरल होने के बाद विद्यालय के कई छात्रों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर अपनी परेशानी बताई. छात्रों का आरोप है कि नामांकन, परीक्षा फॉर्म और अन्य कार्यों के लिए विद्यालय में पैसे लिए जाते हैं. छात्रों ने हजारीबाग उपायुक्त से विद्यालय प्रबंधन और संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है.
विद्यालय प्रबंधन ने आरोपों से किया किनारा
ऑडियो वायरल होने के बाद विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने मामले से खुद को अलग बताया है. वहीं लिपिक जयदेव ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वायरल ऑडियो उनकी आवाज का नहीं है. उन्होंने कहा कि टीसी देने का काम उनका नहीं है. प्रधानाध्यापक के हस्ताक्षर और डायरी मेंटेन होने के बाद ही टीसी जारी की जाती है.
प्रधानाध्यापक ने कही जांच की बात
प्रधानाध्यापक महेंद्र राम ने बताया कि उन्होंने भी वायरल ऑडियो सुना है. उन्होंने कहा कि इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए थी. उन्होंने पहले भी जयदेव को पैसे नहीं लेने की बात कही थी. वहीं बिना परीक्षा दिए बच्चों के पास होने के मामले पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है और प्रैक्टिकल परीक्षा लेना संबंधित शिक्षकों की जिम्मेदारी है.
जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति
पूरे मामले में अब सवाल उठ रहा है कि क्या बिना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की जानकारी के किसी छात्र को बिना परीक्षा पास कराया जा सकता है. वायरल ऑडियो और छात्रों के आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
ALSO READ: खूंटी पुलिस ने लापता नाबालिग लड़की को हज़ारीबाग से किया सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
