Ranchi: राजधानी रांची स्थित ऐतिहासिक आर्ड्रे हाउस में आयोजित जलवायु अखड़ा 2026 – रेजिलिएंट झारखंड समिट में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने शिरकत की. इस विशेष सम्मेलन के दौरान उन्होंने जलवायु परिवर्तन की गंभीर चुनौतियों, न्यायसंगत विकास, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सतत आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नीति निर्माताओं, विशेषज्ञों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ सार्थक संवाद किया. समिट को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना सोरेन ने राज्य की जड़ों और सामुदायिक शक्ति को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध प्रकृति,आदिवासी परंपराएं और सदियों पुराना सामुदायिक ज्ञान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं. विकास की कोई भी यात्रा तभी सही अर्थों में सार्थक मानी जाएगी, जब वह प्रकृति के संरक्षण के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करे. उन्होंने समुदाय आधारित समाधानों को अपनाने और पर्यावरण-मित्र नीतियों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने झारखंड को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से सुरक्षित रखने तथा पर्यावरण संतुलन के साथ समावेशी विकास का मार्ग प्रशस्त करने हेतु कई दूरगामी सुझाव साझा किए.
AlsoRead:खूंटी पुलिस ने लापता नाबालिग लड़की को हज़ारीबाग से किया सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा
